गम्हरिया: श्री श्री गणेश पूजा समिति गम्हरिया की ओर से दुर्गा पूजा मैदान में निर्मित भव्य गणेश पूजा पंडाल का रविवार देर शाम सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने फीता काटकर उद्घाटन किया. उद्घाटन के साथ ही गणेश उत्सव को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया.


इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो, विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक अरविंद सिंह, आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, झामुमो नेता सह शिक्षाविद प्रो. कालीपद सोरेन, कांग्रेस नेता अजय सिंह, केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के, केपी तिवारी, गम्हरिया सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी और बीटी दास सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे. समिति की ओर से अतिथियों का मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया.

सांसद जोबा माझी ने क्षेत्रवासियों को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए भगवान गणपति से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. उन्होंने कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता माना जाता है. उनकी आराधना जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और सद्भाव का संदेश देती है. उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए उत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की अपील की.

वहीं विधायक सविता महतो ने भी क्षेत्र वासियों को गणपति उत्सव की शुभकामनायें दीं व गणपति से क्षेत्र के समृद्धि की कामना की. गौरतलब है कि गम्हरिया दुर्गा पूजा मैदान में हर वर्ष गणेश उत्सव धूमधाम से आयोजित किया जाता है. सोमवार को विधि- विधान से भगवान गणेश की पूजा- अर्चना की जाएगी. उत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और प्रतिदिन श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया जाएगा.

समिति के संरक्षक सन्नी सिंह ने क्षेत्रवासियों से उत्सव में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की. आयोजन को सफल बनाने में पिंटू सिंह, मनोज सिंह, मनीष सिंह, धीरेन शर्मा, कौशल किशोर, जय सिंह, विपिन कुमार, सौरभ कुमार, नागेंद्र शर्मा, शशि प्रकाश, दिनेश महतो, पिंटू शर्मा, नीरज भक्ता, विनय सिंह, प्रिंस सिंह, अंशु कुमार, मोहित कुमार और मनोरंजन कुमार सहित समिति के सदस्य अहम भूमिका निभा रहे हैं.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

