जमशेदपुर: मन की शांति, मानसिक तनाव से मुक्ति और आध्यात्मिक संतुलन के उद्देश्य से बोधि सोसाइटी बौद्ध विहार, साकची की ओर से 1 से 10 अक्टूबर 2026 तक 10 दिवसीय विपश्यना ध्यान शिविर आयोजित किया जाएगा. शिविर पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, लेकिन सीमित सीटों के कारण पूर्व पंजीकरण अनिवार्य किया गया है.


बौद्ध भिक्षु भदंत डॉ. बुद्धपाल महाथेर ने बताया कि शिविर में प्रतिभागियों को भगवान बुद्ध द्वारा बताए गए विपश्यना ध्यान की व्यावहारिक साधना से परिचित कराया जाएगा. साधकों को नियमित ध्यान, आत्मनिरीक्षण और मन की प्रकृति को समझने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया जाएगा.
उन्होंने बताया कि विपश्यना मन की चंचलता और अशांति को कम कर आंतरिक शांति एवं संतुलन प्राप्त करने की एक महत्वपूर्ण साधना मानी जाती है.
शिविर का संचालन संयुक्त राज्य अमेरिका से प्रशिक्षित विपश्यना ध्यान आचार्य पराग पटेल करेंगे. उनके साथ कोलकाता के सहायक आचार्य डॉ. तापस बरुआ साधकों का मार्गदर्शन करेंगे.
बोधि सोसाइटी के अध्यक्ष आलोक रंजन बरुआ ने बताया कि शिविर में सीटें सीमित हैं. इच्छुक प्रतिभागी पूर्व पंजीकरण के लिए भदंत डॉ. बुद्धपाल महाथेर (7501075876) अथवा भदंत परमानंद भिक्षु (9334983467) से संपर्क कर सकते हैं. इस अवसर पर बोधि सोसाइटी के अध्यक्ष आलोक रंजन बरुआ और महासचिव साधन बरुआ भी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

