जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना अंतर्गत शहरडाल पंचायत अंतर्गत मोहली पाड़ा के समीप रविवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान कित्ताझोर निवासी करीब 49 वर्षीय पुती मुर्मू के रूप में हुई है.


जानकारी के अनुसार पुती मुर्मू साइकिल से मिहिजाम की ओर से अपने घर कित्ताझोर लौट रहे थे. इसी दौरान मोहली पाड़ा के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद पुती मुर्मू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
हादसे की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मिहिजाम थाना पुलिस को जानकारी दी. पुलिस ने घायल को तत्काल जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि उनके सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं.
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. आसपास के लोगों से पूछताछ कर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी बढ़ाने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

