धनबाद: जिले के रामकनाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कुम्हार पट्टी में कथित अवैध कोयला उत्खनन के दौरान चाल धंसने से बड़ा हादसा हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है.


चाल धंसते ही इलाके में अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीण राहत और बचाव कार्य में जुट गए. मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है. कई घायलों को अस्पताल ले जाने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाने के क्रम में दो महिलाओं की मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य जारी है. ऐसे में मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से अवैध कोयला उत्खनन किया जा रहा है और मजदूरों की जान जोखिम में डालकर कोयला निकाला जाता है. इस हादसे के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि आखिर अवैध खनन किसके संरक्षण में चल रहा था और समय रहते इसे रोका क्यों नहीं गया ?
फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटा है. हादसे के वास्तविक कारण, खदान में मौजूद लोगों की संख्या और अवैध उत्खनन के पीछे सक्रिय लोगों के संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

