जमशेदपुर: बीमा कर्मचारी संघ जमशेदपुर मंडल का 53वां वार्षिक सम्मेलन शनिवार को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ. सम्मेलन में LIC के विनिवेश और सार्वजनिक बैंक एवं बीमा क्षेत्र के निजीकरण के विरोध सहित कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए.


सम्मेलन का उद्घाटन संघ के अध्यक्ष कॉ. अमित माइति ने झंडोत्तोलन कर किया. इसके बाद शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई. महासचिव कॉ. सुभाष कर्ण ने वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन और सह कोषाध्यक्ष कॉ. के.के. शर्मा ने वित्तीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया.
मुख्य अतिथि ECZIEA के महासचिव कॉ. त्रिनाथ डोरा ने सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों की रक्षा के लिए संगठन को और सक्रिय एवं सजग बनाने का आह्वान किया. अध्यक्ष कॉ. प्रदीप मुखर्जी ने AIIEA के 75 वर्षों के संघर्ष और योगदान पर प्रकाश डाला.
सम्मेलन में LIC में नई नियुक्तियां करने, नई पेंशन व्यवस्था समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने और नए लेबर कोड को रद्द करने की मांग से संबंधित प्रस्ताव भी पारित किए गए.
आगामी कार्यकाल के लिए कॉ. अमित माइति को अध्यक्ष, कॉ. सुभाष कर्ण को महासचिव और कॉ. अशोक दास को कोषाध्यक्ष चुना गया. इसके साथ 22 सदस्यीय सचिव मंडल का गठन किया गया.
स्लोगन प्रतियोगिता में महिमा परमार को प्रथम, रंजय राम को द्वितीय और विवेक कुमार को तृतीय पुरस्कार दिया गया. सम्मेलन में रांची, गुमला, डाल्टनगंज, चक्रधरपुर और चाईबासा सहित विभिन्न शाखाओं के 140 से अधिक प्रतिनिधि एवं पर्यवेक्षक शामिल हुए. प्रतिनिधि सत्र में 18 वक्ताओं ने अपने विचार रखे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

