जामताड़ा: नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को नगर पंचायत कार्यालय में मासिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई. इसमें नगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, प्रस्तावित योजनाओं और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे। पार्षदों ने आपसी समन्वय से नगर के विकास कार्यों को गति देने का निर्णय लिया. बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों की लंबित तीसरी और चौथी किस्त के भुगतान का मामला प्रमुखता से उठाया गया. अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ दिलाने के लिए लंबित मामलों के निष्पादन की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी. नए लाभुकों के आवास चयन की प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी दी गई.


पर्व-त्योहार में हर वार्ड में होगी पर्याप्त रोशनी
आगामी गणेश पूजा, दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए नगर क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्णय लिया गया. अध्यक्ष ने कहा कि सभी वार्डों में समान रूप से लाइटिंग व्यवस्था बेहतर की जाएगी. पर्व-त्योहार के दौरान साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को परेशानी नहीं हो.
गणेश मेले में विशेष सफाई व्यवस्था
अध्यक्ष ने बताया कि गांधी मैदान में 14 सितंबर से शुरू होने वाला गणेश महोत्सव करीब 10 दिनों तक चलेगा. मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर पंचायत की ओर से विशेष सफाई व्यवस्था की जाएगी. मेला क्षेत्र में नियमित सफाई के साथ स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं पर भी नजर रखी जाएगी.
कचरा निस्तारण के स्थायी समाधान पर मंथन
बैठक में नगर क्षेत्र में बढ़ती कचरा निस्तारण की समस्या पर भी गंभीर चर्चा हुई. इसके स्थायी समाधान के लिए ठोस पहल करने पर जोर दिया गया. कचरा निस्तारण के लिए प्रस्तावित भूमि के संबंध में समिति मौजा का उल्लेख करते हुए आगे की प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया गया.
विकास योजनाओं के लिए फंड उपलब्ध
नगर अध्यक्ष के प्रतिनिधि तरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि नगर क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए फंड उपलब्ध हो चुका है. जल्द ही संबंधित योजनाओं की निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इसके बाद विकास कार्यों को धरातल पर उतारने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी. अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और लंबित विकास कार्यों में तेजी लाना प्राथमिकता है. उन्होंने सभी वार्ड पार्षदों से आपसी सहयोग और समन्वय के साथ काम करने तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

