जामताड़ा: जिले के मिहिजाम के पाल बगान स्थित राधा- कृष्ण मंदिर परिसर में गुरुवार रात आयोजित दुगोला कार्यक्रम अब गीत-संगीत से ज्यादा एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में है. सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में राजद जिलाध्यक्ष दिनेश यादव बताए जा रहे एक व्यक्ति को महिला कलाकारों की प्रस्तुति के दौरान रुपये उड़ाते देखा जा रहा है. हालांकि वायरल वीडियो और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.


कार्यक्रम शाम करीब सात बजे शुरू हुआ और देर रात तक चला. दो कलाकारों के बीच गीतों और सवाल-जवाब का मुकाबला हुआ, जबकि महिला कलाकारों की नृत्य प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही. इसी दौरान कथित तौर पर रुपये उड़ाने का वीडियो बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है.
वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक चर्चा में भी आ गया है. सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि राजद झारखंड की सत्ता में भागीदार है और हाल ही में राज्य सरकार के मंत्री के निधन के बाद सत्तारूढ़ गठबंधन में शोक का माहौल रहा है. ऐसे समय में पार्टी के एक जिला पदाधिकारी का सार्वजनिक कार्यक्रम में महिला कलाकारों पर रुपये उड़ाना राजनीतिक और सार्वजनिक मर्यादा के अनुरूप है या नहीं, इसे लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.
फिलहाल इस वायरल वीडियो पर दिनेश यादव अथवा राजद की ओर से कोई पक्ष उपलब्ध नहीं है. उनका पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
मंदिर परिसर में गुरुवार की रात सुर और ताल की महफिल सजी थी, लेकिन अगली सुबह चर्चा संगीत की कम और उड़ते नोटों की ज्यादा होने लगी. अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो महज मनोरंजन के दौरान उत्साह का प्रदर्शन है या सार्वजनिक जीवन में राजनीतिक पदाधिकारियों से अपेक्षित मर्यादा से जुड़ा विषय. इसका जवाब राजनीतिक और सामाजिक हलकों में अपने-अपने तरीके से तलाशा जा रहा है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल
देखिए Video

