सरायकेला: कुचाई प्रखंड के बिरसा मुंडा स्टेडियम में प्रखंड स्तरीय ‘खेलो झारखंड’ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया. प्राइमरी से माध्यमिक स्तर तक के विद्यार्थियों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतियोगिता आयोजित की गई है.


राज्य परियोजना निदेशक के निर्देशानुसार आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन बीईईओ संजय कुमार जोशी, बीपीओ मिहिर कुमार दास, शिक्षक रूद्र प्रताप महतो, मंगल बेसरा तथा कुशल सिंह सोय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. अतिथियों ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया.
प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. इस दौरान एथलेटिक्स, दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, फुटबॉल और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. मैदान में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया.

बीईईओ संजय कुमार जोशी ने कहा कि शिक्षा के साथ- साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है. खेल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है. उन्होंने प्रतिभागियों से पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की.
बीपीओ मिहिर कुमार दास ने कहा कि खेलो झारखंड ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध करा रहा है. ऐसे आयोजनों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा और वे भविष्य में राज्य का नाम रोशन कर सकेंगे.
शिक्षक रूद्र प्रताप महतो ने कहा कि विद्यालय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने से विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. इससे बच्चों को नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी मदद मिलती है. मंगल बेसरा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया.
कार्यक्रम में बीईईओ संजय कुमार जोशी, बीपीओ मिहिर कुमार दास, लेखापाल रूपेश महांती, शिक्षक रूद्र प्रताप महतो, मंगल बेसरा, अरविंद कुमार, श्रीकांत महतो, कुशल सिंह सोय, राजकुमार महतो, राजेन्द्र गुंदुवा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

