बोकारो: करीब तीन महीने तक पुलिस की गिरफ्तारी से बचता रहा साइबर अपराध का आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया. बोकारो पुलिस ने चंदनकियारी के बाभनडांगरा निवासी राजा बाबू दास को चास के धर्मशाला मोड़ से गिरफ्तार किया है. आरोपी पर एक महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है.


मामला बालीडीह थाना क्षेत्र से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक करहरिया गांव की एक महिला की शिकायत पर साइबर अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था. शिकायत के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी, लेकिन वह लगातार ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था.
बताया गया है कि आरोपी और शिकायतकर्ता महिला के बीच पूर्व में वैवाहिक संबंध थे. बाद में आरोपी ने दूसरी शादी कर ली. इसके बाद महिला की कथित आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था.
तीन महीने बाद धर्मशाला मोड़ से दबोचा
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन करीब तीन महीने तक वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा. इस बीच पुलिस को उसके चास के धर्मशाला मोड़ के आसपास मौजूद होने की सूचना मिली. इसके बाद कार्रवाई करते हुए राजा बाबू दास को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
पुलिस की इस कार्रवाई को सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के जरिए महिलाओं को धमकाने तथा निजी तस्वीरों या वीडियो के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में चल रही कार्रवाई की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है.

