बोकारो: झारखंड कॉम्पिटेटिव एग्जामिनेशन से जुड़े एक मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने बोकारो के जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (DPRO) और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी (APRO) को पूछताछ के लिए तलब किया है. दोनों अधिकारियों से रांची स्थित अपराध अनुसंधान विभाग के कार्यालय में पूछताछ की जानी है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले को लेकर अपराध अनुसंधान विभाग के DSP की ओर से बोकारो के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा गया है. इसके बाद बोकारो DC की ओर से भी DPRO और APRO को पत्र जारी किया गया है. बताया जा रहा है कि APRO पूछताछ के लिए रांची रवाना हो गए हैं.
मामला झारखंड कॉम्पिटेटिव एग्जामिनेशन से संबंधित बताया जा रहा है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि CID ने दोनों अधिकारियों को किस हैसियत से तलब किया है और पूछताछ किन बिंदुओं पर होनी है. इसलिए जांच पूरी होने से पहले दोनों अधिकारियों की किसी तरह की भूमिका या संलिप्तता को लेकर निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा.
इधर, CID की ओर से अधिकारियों को तलब किए जाने की सूचना के बाद संबंधित कार्यालय में हलचल है. मामले को लेकर अधिकारी फिलहाल कुछ भी खुलकर बोलने से बच रहे हैं. CID की पूछताछ के बाद ही यह साफ होने की संभावना है कि जांच किन तथ्यों और परिस्थितियों को लेकर आगे बढ़ रही है.

