जामताड़ा: कास्ता- अफजलपुर मार्ग पर बड़डंगाल गांव के समीप हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर चालक शेख अकबर की इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे के बाद उन्हें पहले पश्चिम बंगाल के केलेजोड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए आसनसोल रेफर किया गया था. आसनसोल के अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.


जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर बड़डंगाल गांव के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे के दौरान चालक शेख अकबर इंजन के हिस्से में दब गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया.
केलेजोड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आसनसोल रेफर कर दिया. वहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई थी. दुर्घटना के कारणों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर के असंतुलित होने के कारण हादसा हुआ.
खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से संबंधित थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था. पुलिस में आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की संभावना है. स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की आवाजाही के दौरान चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

