सरायकेला: जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में अवैध बालू के परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात करीब 700 सीएफटी अवैध बालू लदे हाईवा को जब्त किया. जब्त हाईवा का पंजीकरण नंबर जेएच 05 सीपी 1505 बताया गया है.


पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की देर रात तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन की जांच की जा रही थी. इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध हाईवा को रोककर जांच की. वाहन की जांच करने पर उसमें बड़ी मात्रा में बालू लदा पाया गया.
पुलिस ने चालक से बालू के उठाव और परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा. प्रथम दृष्टया दस्तावेजों के अभाव में अवैध बालू परिवहन का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने हाईवा को बालू समेत जब्त कर लिया.
जब्त हाईवा को करीब 700 सीएफटी बालू के साथ तिरुलडीह थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस ने मामले की जानकारी संबंधित खनन विभाग को दी है. बालू के स्रोत, परिवहन से संबंधित कागजात और अन्य बिंदुओं की जांच के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
अवैध बालू परिवहन पर पुलिस की नजर
गौरतलब है कि बालू उठाव और परिवहन को लेकर प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है. क्षेत्र में अवैध रूप से बालू के परिवहन की शिकायतों के बाद पुलिस और प्रशासन द्वारा विभिन्न मार्गों पर जांच अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू परिवहन में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति है. पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

