कांड्रा: क्षेत्र में मंगलवार को मां मनसा की पूजा-अर्चना पूरे भक्तिभाव और धूमधाम के साथ की गई. क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी. भक्तों ने विधि-विधान से मां मनसा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की.


पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए तालाब में स्नान किया और सिर पर घट लेकर गाजे-बाजे के साथ पूजा स्थल पहुंचे. श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा. विभिन्न पूजा पंडालों में देर शाम तक भक्तों की आवाजाही बनी रही.
पूजा समितियों की ओर से मां मनसा की विधिवत आराधना के बाद बुधवार अहले सुबह देवी के समक्ष पारंपरिक रूप से बलि दी जाएगी. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा.
कांड्रा के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी मां मनसा पूजा को लेकर खासा उत्साह देखा गया. दर्जनों स्थानों पर पूजा पंडाल बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मां मनसा की पूजा कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की मंगलकामना की.
मनसा पूजा को लेकर क्षेत्र में फल-फूल और पूजा सामग्री की दुकानें भी सुबह से ही गुलजार रहीं. पूजा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

