राजनगर: प्रखंड के सोलगाड़िया गांव में लंबे समय से चली आ रही बिजली की समस्या से ग्रामीणों को मंगलवार शाम राहत मिली. झामुमो के केंद्रीय सदस्य विशु हेम्ब्रम के प्रयास से गांव में 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया. ट्रांसफार्मर का विधिवत उद्घाटन होने के बाद गांव में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई. बिजली लौटने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई.


बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए हेमंत सोरेन जिंदाबाद और विशु हेम्ब्रम जिंदाबाद के नारे लगाए. ग्रामीणों ने त्वरित पहल कर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के लिए विशु हेम्ब्रम के प्रति आभार जताया.
विशु हेम्ब्रम ने बताया कि करीब तीन दिन पहले ग्रामीणों ने उन्हें ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी दी थी. इसके बाद उन्होंने बिना समय गंवाए विद्युत विभाग के एसडीओ और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर से फोन पर बातचीत कर जल्द नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का आग्रह किया. विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया, जिसका मंगलवार को विधिवत उद्घाटन किया गया.
विशु हेम्ब्रम ने कहा कि वे जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे. केवल विद्युत विभाग ही नहीं, बल्कि अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए भी वे प्रयास करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि वे जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझते हैं और जनता की सेवा के लिए 24 घंटे तैयार हैं.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें जो जिम्मेदारी और पद दिया है, उसका वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे. क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है.
उद्घाटन कार्यक्रम में झामुमो बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला अध्यक्ष दुर्गालाल मुर्मू, कला संस्कृति मोर्चा के प्रखंड उपाध्यक्ष शुक्लाल मुर्मू सहित ग्रामीण बिनोद टुडू, सोमय हेम्ब्रम, राय मुर्मू, मेघराय टुडू, दिकूराम हेम्ब्रम, मुरलीधर राय, अमित राय, संतोष राय, कोंदा सरदार, राजेश टुडू, धनु राम मुर्मू, सिदलाल मुर्मू, साहिल टुडू, मार्सल टुडू, जेतेंद्र राय समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.

