चाईबासा: सोनुआ प्रखंड के निश्चिंतपुर मैदान में रविवार को 32वां विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोहरपुर के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. रीना गोडसरा मुर्मू और प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव उपस्थित रहे.



कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने पूजा-अर्चना, झंडोत्तोलन और संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की. इस दौरान उपस्थित लोगों ने आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति और परंपरा को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया.

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने सभी को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान और बलिदान को याद करते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा ने जो मार्ग दिखाया था, उस पर चलना सभी का कर्तव्य है. उन्होंने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि आदिवासी समाज के विकास के लिए प्रत्येक व्यक्ति का शिक्षित होना जरूरी है. उन्होंने आधुनिक दौर में अपनी भाषा, संस्कृति, पारंपरिक नृत्य-गीत और रीति-रिवाजों को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने पर भी जोर दिया.
डॉ. रीना गोडसरा मुर्मू ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूक किया. उन्होंने आदिवासी समाज से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव और भगवान बिरसा मुंडा का त्याग और बलिदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है. विश्व आदिवासी दिवस अपनी पहचान और गौरव को याद करने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का अवसर भी है.

वहीं, बीडीओ सोमनाथ उरांव ने विश्व आदिवासी दिवस के इतिहास पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने 9 अगस्त 1994 को विश्व आदिवासी दिवस मनाने की घोषणा की थी. इसके बाद 9 अगस्त 1995 से इसे वैश्विक स्तर पर मनाया जाने लगा. यह दिवस आदिवासी समाज के अधिकारों, जल, जंगल, जमीन और संस्कृति के संरक्षण के प्रति जागरूकता और संकल्प का प्रतीक है.
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गांवों से पहुंची बच्चियों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी. पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. इस अवसर पर आबुसाल समिति की ओर से मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल और उपहार देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य सोनुआ भाग-1 सुवागी मुर्मू, लक्ष्मण नायक, जिलाध्यक्ष सुखराम सिरका, पूर्व जिलाध्यक्ष मजेंदर गंजू, प्रखंड अध्यक्ष अंतुराम केराई, गणेश चंद्र बोदरा, उदय सिंह पूर्ति, गणेश बंदिया, सिद्धार्थ बोदरा, शैलेश बंदिया, हरिकृष्ण बंदिया, जयंती सोय, बालेमा कोडाह, रीता सुरीन, शैलेय गुंदुवा, बागुन बोयपाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा पुलिस-प्रशासन के जवान मौजूद थे.
रिपोर्ट. जयंत प्रमाणिक





