सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. 26वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रांची के कमांडेंट शाश्वत कुमार (आईपीएस) के निर्देशन में ए-समवाय जम्बरो और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने कुचाई थाना क्षेत्र के रोलाहातु पंचायत अंतर्गत सिकरम्बा गांव के घने जंगलों में विशेष सर्च अभियान चलाया. अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए कई हथियार और हथियारों से संबंधित सामग्री बरामद की गई.



प्राप्त जानकारी के अनुसार, उप कमांडेंट शक्ति सिंह और निरीक्षक उज्ज्वल कांति मुहुरी के नेतृत्व में एसएसबी तथा झारखंड पुलिस के जवानों ने सिकरम्बा गांव के आसपास के दुर्गम और घने जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया. तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार मिले.

सुरक्षा बलों ने मौके से एक पिस्टल, दो 303 राइफल, तीन 303 राइफल मैगजीन, एक 9 एमएम कार्बाइन पिस्टल ग्रिप और एक 9 एमएम कार्बाइन का कॉकिंग हैंडल बरामद किया. सभी हथियारों और सामग्री को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक एवं उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार संयुक्त सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं. इसी क्रम में सिकरम्बा के जंगलों में भी अभियान चलाया गया, जिसमें सुरक्षा बलों को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली.
बरामद हथियारों को जंगल में किसने और किस उद्देश्य से छिपाकर रखा था, इसकी जांच की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हथियारों का संबंध किसी व्यक्ति या संगठन से है या नहीं.

एसएसबी और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है. अधिकारियों ने कहा कि इलाके में आगे भी इसी तरह के अभियान जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सुरक्षा बलों ने स्थानीय लोगों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की है.





