सरायकेला: पुलिस अधीक्षक द्वारा शुरू किए गए Project “Device” के तहत जिले में गुम मोबाइल की बरामदगी का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में बुधवार को नीमडीह थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुम हुए कुल 5 मोबाइल फोन बरामद किए. जिन्हें उनके धराको को सौंपा गया.

थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नीमडीह थाना क्षेत्र में गुम मोबाइलों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान CEIR पोर्टल की मदद से ट्रैकिंग कर सभी मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक बरामद किया गया. बरामद मोबाइलों का विधिवत सत्यापन किया गया. इसके बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सही सलामत सुपुर्द कर दिए गए. अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी जाहिर की और पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया.
थाना प्रभारी ने बताया कि Project “Device” का उद्देश्य गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक कर उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाना है. इस पहल के तहत आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. इस कार्रवाई से आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है.

