जमशेदपुर: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नायकों में शुमार स्वर्गीय निर्मल महतो के शहादत दिवस के अवसर पर शनिवार को बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस के बाहर स्थापित निर्मल दा के प्रतिमा पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में स्वर्गीय निर्मल महतो के परिवार के सभी सदस्य शामिल हुए और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया.



इस दौरान परिवार के सदस्यों ने स्वर्गीय निर्मल महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी शहादत को याद किया. उपस्थित लोगों ने झारखंड आंदोलन में उनके संघर्ष, त्याग और अलग राज्य के निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया.
श्रद्धांजलि सभा में कहा गया कि स्वर्गीय निर्मल महतो ने झारखंड की पहचान, अधिकार और अलग राज्य की मांग को लेकर अपना जीवन समर्पित कर दिया. उनका संघर्ष और बलिदान आज भी झारखंडवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
शहादत दिवस के अवसर पर परिवार की सदस्य और ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा झारखंड के विकास और जनहित के लिए कार्य करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक रहा और लोगों ने स्वर्गीय निर्मल महतो की स्मृतियों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर झामुमो केंद्रीय कार्यकारिणी पदाधिकारी मोहन कर्मकार, केंद्रीय सदस्य काबलू महतो सहित सैकड़ो नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.





