गम्हरिया: सरायकेला- खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित दुर्गा पूजा मैदान में शनिवार को शहीद निर्मल महतो का शहादत दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया. भारी बारिश के बावजूद झामुमो कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में शामिल होकर शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की.



इस अवसर पर झामुमो के वरिष्ठ नेता और शिक्षाविद प्रो. केपी. सोरेन ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, सामाजिक योगदान और झारखंड आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया.

प्रो. के.पी. सोरेन ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने झारखंड और यहां के लोगों के अधिकार एवं सम्मान के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया. उनका संघर्ष और विचार आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो के बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो के सपनों के झारखंड के निर्माण के लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा. उनके विचारों और संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है. कार्यक्रम के दौरान निर्मल महतो की प्रतिमा के समीप स्थित जमशेदपुर के पूर्व सांसद और शहीद सुनील महतो की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई.

भारी बारिश के बावजूद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी ने शहीदों के प्रति लोगों की श्रद्धा और सम्मान को प्रदर्शित किया. इस दौरान उपस्थित लोगों ने शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए झारखंड के विकास और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया.





