जमशेदपुर: सावन माह के पावन अवसर पर श्री नीलकंठ महादेव संघ की ओर से 10 अगस्त को एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में भव्य भजन संध्या एवं 10वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा. आयोजन को लेकर शुक्रवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर संघ के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह आयोजन लगातार 10वें वर्ष किया जा रहा है और इस वर्ष इसे पहले से अधिक भव्य स्वरूप दिया गया है.



आयोजन समिति के अरविंद कुमार एवं पंकज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6.30 बजे भजन संध्या के साथ होगी. इस दौरान चंडीगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक दीपक लख्खा तथा बिहार के भोजपुर की सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्नेहा सिंह राजपूत भगवान शिव की महिमा से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति देंगी. भजन संध्या के बाद रात 8 बजे 10वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा. इसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है.
आयोजन का प्रमुख आकर्षण 8 फीट ऊंचा बर्फ से निर्मित शिवलिंग होगा. इसे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है. कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी. भजन संध्या में शामिल होने के लिए किसी प्रकार के पास की आवश्यकता नहीं होगी. श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर रहेगी.

संघ के सदस्यों ने बताया कि सावन माह भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है. इसी उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए इस आयोजन का किया जाता है. इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. आयोजन समिति ने जमशेदपुर शहर एवं आसपास के सभी शिवभक्तों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने और भजन संध्या का आनंद लेने के साथ विशाल भंडारे में महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की है.
प्रेस वार्ता में पंकज कुमार, अरविंद कुमार, बालकृष्ण प्रसाद, अजीत कुमार, रविशंकर सिंह, विकास कुमार, रणवीर मंडल, मुनीम सिंह, राज सिंह, मंजीत, जयपाल भगत, राजभुवन, सतीश, पिंटू, रणजीत सरकार, अमित सिन्हा, संतोष सिन्हा, राजू सानन, महेंद्र शुक्ला, सुनील, धनंजय मंडल, मनोज कुमार, दिलीप पासवान, जितेंद्र प्रसाद, बिट्टू राय सहित संघ के कई सदस्य उपस्थित थे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





