जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में 2 अगस्त को हुए मोहम्मद आफताब आलम हत्याकांड के खुलासे में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने इस बहुचर्चित हत्याकांड में दो शूटरों सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ दो नाबालिगों को निरुद्ध किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन तथा दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं. मामले का खुलासा शुक्रवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेसवार्ता में किया.



सिटी एसपी ने बताया कि 2 अगस्त की रात बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में मोहम्मद आफताब आलम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद बर्मामाइंस थाना में कांड संख्या-42/26 दर्ज कर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और अन्य वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया.

जांच के दौरान पुलिस ने बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के गोकुलनगर स्थित शिव मंदिर के समीप से मुख्य शूटर शहबाज उर्फ मो. शहबाज उर्फ भोंदू तथा मो. रेहान उर्फ अब्दुल रेहान को गिरफ्तार किया. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई दोनों मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई.
इसके बाद पुलिस ने मामले में मोहम्मद रहीम को गिरफ्तार किया, जबकि इस हत्याकांड में संलिप्त दो नाबालिग किशोरों को भी निरुद्ध किया गया. गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध हत्या, आर्म्स एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी शहबाज और रेहान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में भी विभिन्न संगीन मामलों में जेल जा चुके हैं.
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि इस हत्याकांड में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि दो नाबालिगों को विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत निरुद्ध किया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या की साजिश में अन्य किन लोगों की भूमिका रही है. यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





