जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र स्थित जुबिली पार्क के रौनक फास्ट फूड के सामने महिला से हुई चेन छिनतई की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया सिटी गोल्ड का चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है.



सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 31 जुलाई की रात चंदना दास से अज्ञात अपराधियों ने चेन छीन ली थी. मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राहुल गोप उर्फ बल्ले और आमिर सरफराज को गिरफ्तार किया.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. राहुल गोप के पास से सिटी गोल्ड का चेन तथा आमिर सरफराज के घर से घटना में इस्तेमाल की गई हीरो मोटरसाइकिल बरामद की गई.
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. विभिन्न थानों में लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले पहले से दर्ज हैं. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों अन्य छिनतई और लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं.





