जामताड़ा: ड्रग्स एवं अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है. डिटेक्टिव विभाग और इंटेलिजेंस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में झारखंड के जामताड़ा से संचालित एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी से पूछताछ के आधार पर बाराबनी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 122 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया.



पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को जामताड़ा जिले में छापेमारी कर मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर झारखंड सीमा से सटे बाराबनी थाना क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई की गई. इस दौरान 122 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया.
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई पिछले कुछ सप्ताह से चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है. इससे पहले 17 जुलाई को सलानपुर थाना क्षेत्र से 105 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था. वहीं, 29 जुलाई को जमुरिया थाना क्षेत्र से गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था.
पुलिस के अनुसार, अब तक इस गिरोह के खिलाफ कुल 230 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया जा चुका है. मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने इसे क्षेत्र में सक्रिय अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





