गम्हरिया: दिशोम गुरु एवं झारखंड आंदोलन के प्रणेता स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर गम्हरिया में प्रस्तावित मार्केट का नाम “गुरूजी मार्केट” रखे जाने की घोषणा के बाद मंगलवार को बाजार क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला. स्थानीय दुकानदारों ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया और दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की.



इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में झामुमो नेता एवं झारखंड आंदोलनकारी केपी सोरेन ने कहा कि गुरूजी ने अपना पूरा जीवन झारखंड की अस्मिता, जल- जंगल- जमीन और आदिवासी- मूलवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित किया. उनके सम्मान में प्रस्तावित बाजार का नाम “गुरूजी मार्केट” रखा जाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है.
उन्होंने कहा कि यह नामकरण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को दिशोम गुरु के संघर्ष, त्याग और विचारों से जोड़ने का माध्यम बनेगा. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावित मार्केट के निर्माण से क्षेत्र में व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.
कार्यक्रम में उपस्थित दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने गुरूजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा.





