जमशेदपुर: शहर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज़ादनगर थाना पुलिस ने अड्डाबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में छापेमारी कर सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह जुटने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।


अभियान के दौरान मुर्दा मैदान, नेचर पार्क, करीम सिटी कॉलेज रोड, ओल्ड पुरुलिया रोड, अलबेला गार्डन पुलिया, चेपापुल और पारडीह चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर सघन जांच की गई। पुलिस ने अड्डाबाजी कर रहे लोगों को वहां से हटाया और भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ लगाकर बैठने से परहेज करने की सख्त हिदायत दी।
थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि कुछ स्थानों पर अड्डाबाजी के कारण असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि अपराध और नशाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार गश्त और छापेमारी अभियान चला रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने, नशाखोरी, अड्डाबाजी और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल आज़ादनगर थाना पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखा जा सके।
पुलिस ने कहा कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे तथा आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में अपना जीवनयापन कर सकें।

