जमशेदपुर: के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड में गंभीर रूप से घायल आफताब आलम की मंगलवार तड़के इलाज के दौरान कोलकाता के एक अस्पताल में मौत हो गई. आफताब को घटना के बाद गंभीर हालत में पहले जमशेदपुर में भर्ती कराया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया था. मंगलवार सुबह करीब 4 बजे उसने अंतिम सांस ली.



गौरतलब है कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती स्थित कंटेनर यार्ड के पास मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने आफताब आलम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी. हमले में उसे कई गोलियां लगी थीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी.
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के दौरान मौके से कई खोखे बरामद किए. इसके बाद हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू की गई. हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
आफताब आलम की मौत के बाद बर्मामाइंस और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक





