रांची: जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन को अब समाज के विभिन्न वर्गों का भी समर्थन मिलने लगा है. आंदोलनरत छात्रों की मदद के लिए सामाजिक संगठन, स्थानीय लोग और विभिन्न संस्थाएं लगातार भोजन तथा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं.


इसी क्रम में सोमवार को एक मंदिर समिति की ओर से स्टेडियम परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में आंदोलनरत छात्रों को भोजन कराया गया. समिति के सदस्यों ने स्वयं भोजन वितरण कर छात्रों का हौसला बढ़ाया.

मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि अपने अधिकारों और भविष्य के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों की सेवा करना समाज की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आगे भी हरसंभव सहयोग जारी रखा जाएगा.
वहीं छात्रों ने समाज के इस सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि लोगों का समर्थन उनके आंदोलन को नई ऊर्जा दे रहा है. उन्होंने दोहराया कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा.

