सरायकेला: विश्व आदिवासी दिवस-2026 के सफल, गरिमामय एवं व्यापक आयोजन को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, परियोजना निदेशक आईटीडीए सह जिला कल्याण पदाधिकारी उषा मुंडू, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, आदित्यपुर नगर आयुक्त एजाज अनवर, दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे.



बैठक में 9 अगस्त को आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई. उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिला एवं प्रखंड स्तर पर समयबद्ध तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्थानीय कलाकारों की सहभागिता से जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने, स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए क्राफ्ट प्रदर्शनी, पारंपरिक व्यंजनों पर आधारित फूड फेस्टिवल तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े जनजागरूकता शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध, चित्रकला, वाद- विवाद, प्रश्नोत्तरी, जनजातीय संस्कृति एवं विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन का निर्देश दिया. साथ ही प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट विकसित करने को कहा.
उन्होंने कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार- प्रसार के लिए सोशल मीडिया अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया. उपायुक्त ने जिलेवासियों से विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बढ़- चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि यह दिवस जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का अवसर है.
बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने सभी कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था समय से पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन कर कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया.





