सरायकेला: स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के सफल, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी समेत जिले के सभी वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.



बैठक में भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम सहित जिले के सभी निर्धारित ध्वजारोहण स्थलों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई. साफ-सफाई, रंग-रोगन, स्टेडियम का समतलीकरण, मंच एवं पंडाल निर्माण, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, कैमरा एवं वीडियोग्राफी, परेड पूर्वाभ्यास, प्रभात फेरी, राष्ट्रीय गान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चिकित्सा सुविधा, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा निमंत्रण पत्र वितरण सहित सभी बिंदुओं पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह अनुशासन, गरिमा और राष्ट्रीय गौरव के अनुरूप आयोजित किया जाए. नगर निकायों को 13 अगस्त तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए. साथ ही स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर भवन, सरायकेला में स्थानीय कलाकारों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता से सांस्कृतिक संध्या आयोजित करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में यह भी तय किया गया कि विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.
उपायुक्त ने 15 अगस्त को पूरे जिले में ड्राई डे का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन जिले की सभी शराब की दुकानें, कसाईखाने तथा मांस एवं मछली की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी. इसके अनुपालन की जिम्मेदारी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को संयुक्त रूप से दी गई है.
राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाजारों में केवल ध्वज संहिता के अनुरूप निर्धारित मानक आकार के राष्ट्रीय ध्वजों की ही बिक्री सुनिश्चित कराई जाए. इसके लिए नियमित जांच अभियान चलाने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध समय से पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने को कहा.
स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण का निर्धारित कार्यक्रम
प्रातः 08:15 बजे- उपायुक्त आवास.
प्रातः 08:40 बजे- पुलिस अधीक्षक कार्यालय (आवास).
प्रातः 09:10 बजे- भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला (मुख्य समारोह).
प्रातः 10:15 बजे- समाहरणालय परिसर.
प्रातः 10:30 बजे- पुलिस अधीक्षक कार्यालय.
प्रातः 10:55 बजे- पुलिस लाइन, दुगनी.





