जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती में रविवार को पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. आपसी रंजिश के चलते एक टाटा स्टील कर्मचारी पर उसके साले ने चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय राजेन पांडे को पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.



मिली जानकारी के अनुसार, राजेन पांडे अपने घर पर मौजूद थे. इसी दौरान उनका साला वहां पहुंचा. दोनों के बीच पहले से चले आ रहे पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने पास मौजूद चापड़ निकालकर राजेन पांडे के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. अचानक हुए हमले से वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायल को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए TMH रेफर कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
परिजनों ने बताया कि राजेन पांडे और उनके साले के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश के कारण इस हमले को अंजाम दिया गया.
पुलिस का कहना है कि घायल के बयान, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है.





