जमशेदपुर: मानगो स्थित हिंद इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आईटीआई) में निदेशक डॉ. मोहम्मद ताहिर हुसैन के नेतृत्व में साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आज़ादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार शामिल हुए. इस दौरान सेंट्रल पीस कमेटी के सदस्य, संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.


थाना प्रभारी चंदन कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा कानून के पालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं. उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहना जरूरी है. साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने और महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की.

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा और कानून से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सरल भाषा में जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया.
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के निदेशक डॉ. मोहम्मद ताहिर हुसैन ने थाना प्रभारी चंदन कुमार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और विद्यार्थियों के हित में उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, कानून के प्रति सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

