सरायकेला: जिले के ईचागढ़ प्रखंड के घुनियापाड़ा में बालू लदे अनियंत्रित टीपर के घर में घुस जाने की घटना के बाद शुक्रवार को विधायक सविता महतो पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं. उन्होंने मंगल राजवार के घर जाकर हादसे की जानकारी ली और घायल बच्चों व परिजनों का हालचाल जाना.



विधायक ने दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कच्चे मकान का निरीक्षण किया तथा पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में तिरपाल उपलब्ध कराया. साथ ही आर्थिक सहयोग प्रदान करते हुए हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया.
उन्होंने संबंधित प्रखंड कर्मियों को निर्देश दिया कि आपदा राहत योजना के तहत पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें जल्द राहत मिल सके.

इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक को घटना की जानकारी देते हुए दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की.
मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, सपन आदित्यदेव, पशुपति बागची, प्रखंड कर्मी एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.





