जामताड़ा: प्रखंड की जियाजोरी पंचायत के मोहम्मद नगर से पंचायत भवन जाने वाली सड़क पर पोखर के समीप नवनिर्मित गार्डवाल और उसी मार्ग पर बने कलवर्ट की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी तथा घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.



ग्रामीण नौशाद अंसारी ने बताया कि पोखर के किनारे बनाए गए गार्डवाल के निर्माण में निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया है. उन्होंने कहा कि गार्डवाल और सड़क के बीच मिट्टी भराई का कार्य भी अधूरा छोड़ दिया गया है. यदि समय रहते इसे पूरा नहीं किया गया तो भविष्य में सड़क और गार्डवाल दोनों को नुकसान पहुंच सकता है.
वार्ड सदस्य मजलूम अंसारी ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान कनीय अभियंता शायद ही कभी स्थल निरीक्षण के लिए पहुंचे. इसका लाभ उठाकर संवेदक ने मनमाने ढंग से घटिया सामग्री का उपयोग करते हुए निर्माण कार्य पूरा कर दिया.
ग्रामीण अफजल अंसारी ने बताया कि कलवर्ट निर्माण के दौरान दोनों ओर की सड़क तोड़ दी गई थी, लेकिन बाद में सड़क को पुलिया से समतल तरीके से नहीं जोड़ा गया. इससे सड़क ऊंची-नीची हो गई है. इसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इधर, आरईओ के कार्यपालक पदाधिकारी दुखा मंडल ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत उनके संज्ञान में आई है. उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य की जल्द जांच कराई जाएगी. यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संवेदक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





