सरायकेला: जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सरायकेला थाना पुलिस ने एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. मामले का खुलासा गुरुवार को पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में किया.



पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि सरायकेला थाना में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले के अनुसंधान के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था. टीम ने तकनीकी, वैज्ञानिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले का सफल उद्भेदन किया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26 वर्ष), करण बास्के (22 वर्ष) तथा कृष्णानाथ उर्फ दुख (22 वर्ष) के रूप में हुई है. पूछताछ में तीनों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
आरोपियों की निशानदेही पर एक नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल (JH-22F-8686) सहित चार अन्य बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं. सभी वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सरायकेला-खरसावां सहित आसपास के कई जिलों से मोटरसाइकिलों की चोरी की थी. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी अख्तर अंसारी उर्फ तेजा के विरुद्ध झारखंड एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, घर में घुसकर चोरी तथा शस्त्र अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं. वहीं करण बास्के के खिलाफ भी सरायकेला एवं गम्हरिया थाना में वाहन चोरी और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से संबंधित कई मामले दर्ज हैं.
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक राजेश टुड्डु, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार महतो, विनोद टुड्डु, सौरभ कुमार आहूजा, हवलदार राजेश उरांव, आरक्षी बॉबी कुमार झा, अनिल कुमार तथा सरायकेला थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. वाहन चोरी करने वाले गिरोहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.





