सरायकेला: जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में गुरुवार को हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट की घटना में महिला सहित सात मजदूर घायल हो गए. इनमें एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है. गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) भेजा गया है. वहीं अन्य घायलों का इलाज स्थानीय नर्सिंग होम में चल रहा है.



घटना में घायल मुरली, सूरज हांसदा, सोनमुनी दास और अनिल यादव का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में चल रहा है. वहीं शैलेंद्र महतो, अंकित कुमार और प्रकाश बोदरा का उपचार स्थानीय संजीवनी नर्सिंग होम में किया जा रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री परिसर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई. विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी. घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन एवं स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. हालांकि प्रबंधन ने मिडिया से दूरी बनाए रखा. अबतक प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है न ही मिडिया को घटनास्थल पर जाने की अनुमति दी गई.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसा सिलेंडर ब्लास्ट के कारण हुआ है. हालांकि विस्फोट किस सिलेंडर में हुआ और इसके पीछे तकनीकी खराबी, गैस रिसाव या कोई अन्य कारण था, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है. पुलिस तथा संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस फैक्ट्री प्रबंधन से हादसे के संबंध में जानकारी जुटा रही है. साथ ही सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.





