धनबाद: भाकपा (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य और एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर समेत पांच माओवादियों को बुधवार देर रात न्यायिक हिरासत में धनबाद जेल भेज दिया गया. इससे पहले सभी आरोपियों का धनबाद सदर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया.



मंगलवार रात धनबाद जिले के मनियाडीह क्षेत्र में सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान मिसिर बेसरा तथा उसके चार साथियों को गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सभी से कई घंटों तक पूछताछ की.
जेल भेजने से पहले सभी माओवादियों को धनबाद कोर्ट में पेश किया गया. अदालत के आदेश के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में धनबाद जेल भेज दिया गया. पूछताछ के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने माओवादी संगठन के नेटवर्क, ठिकानों और सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने का प्रयास किया.
मंगलवार देर शाम सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और झारखंड पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में भाकपा (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य और एक करोड़ रुपये के इनामी मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर समेत कुल पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया गया था.
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी झारखंड में माओवादी संगठन के लिए बड़ा झटका है और इससे संगठन की गतिविधियों पर महत्वपूर्ण असर पड़ सकता है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





