जामताड़ा: जिले के श्रीरामपुर स्थित बाल गृह में बुधवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अंजू पोद्दार ने की. वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव पवन कुमार उपस्थित रहे.



कार्यशाला को संबोधित करते हुए पवन कुमार ने कहा कि स्वच्छता का हमारे जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है. स्वस्थ और सुदृढ़ जीवन के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता आवश्यक है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह स्वयं स्वच्छ रहे और अपने आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ बनाए रखने में योगदान दे.
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. कीर्ति पाठक झा, डॉ. समीर कुमार मुरमू, डॉ. अमित कुमार तथा रंजीत बोस ने भी स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए.
इस अवसर पर संरक्षण पदाधिकारी संजय यादव, सत्यमेव जयते संस्था के राजेंद्र शर्मा, चाइल्ड हेल्पलाइन के सभी सदस्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. मुख्य अतिथि पवन कुमार ने सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई. साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.
कार्यक्रम के अंत में बाल गृह के अधीक्षक सूजीत गोस्वामी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





