आदित्यपुर: औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कों, बंद स्ट्रीट लाइटों, जाम नालियों और साफ- सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर आदित्यपुर गम्हरिया विकास समिति का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में जियाडा के रीजनल डायरेक्टर प्रेम रंजन से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक क्षेत्र की बदहाल स्थिति से अवगत कराते हुए सड़क निर्माण में आ रही प्रशासनिक और तकनीकी बाधाओं को दूर कर जल्द कार्य शुरू कराने की मांग की.


बैठक के बाद पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि जर्जर सड़कों के कारण उद्यमियों, श्रमिकों और आम लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के साथ- साथ छोटे और मध्यम उद्यमियों को भी प्राथमिकता के आधार पर प्लॉट आवंटित करने की मांग की, ताकि नए उद्योग स्थापित हों और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ें.
जियाडा के रीजनल डायरेक्टर प्रेम रंजन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए बताया कि मुख्यालय की जांच टीम निरीक्षण कर चुकी है तथा साफ- सफाई के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है. उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री एसोसिएशन के सुझावों के आधार पर सड़क निर्माण के प्राक्कलन में संशोधन किया गया है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही बरसात समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि बहरागोड़ा, चांडिल और सीतारामपुर में उपलब्ध भूमि पर छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने की योजना पर भी काम किया जा रहा है.
प्रतिनिधिमंडल में उदित यादव, सरदार रविंदर सिंह, विमल दास, दिलीप मंडल, पी.के. झा, विनोद कुमार सिंह, संतोष यादव, सोनू पासवान, सत्येंद्र प्रभात, मुकेश गिरी और सिमरन मेहरा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

