चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत देवांबीर में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना के तहत निर्मित नव-निर्मित पक्के मकान का विधिवत उद्घाटन किया गया. ग्राम पंचायत की मुखिया श्रीमती ज्योति सोय ने फीता काटकर आवास का उद्घाटन किया तथा योजना की लाभुक पेची खण्डाईट को उनके नए घर की चाबी सौंपकर शुभकामनाएं दीं.



इस अवसर पर मुखिया श्रीमती ज्योति सोय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक गरीब परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी परिवार कच्चे मकान में रहने को मजबूर न हो. उन्होंने योजना के अन्य लाभुकों से भी समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से आवास निर्माण कार्य पूरा करने की अपील की.
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पंचायत सचिव अंगद प्रधान, आवास समन्वयक इंद्रजीत कुजूर सहित गांव की कई महिलाएं एवं गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे. सभी ने लाभुक को नए आवास के लिए शुभकामनाएं देते हुए योजना को गरीबों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





