रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की कथित भर्ती परीक्षा अनियमितताओं की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंचती नजर आ रही है. इसी कड़ी में आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते मंगलवार को रांची स्थित सीआईडी मुख्यालय पहुंचे, जहां जांच अधिकारियों ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी.



सीआईडी मुख्यालय परिसर में पहले से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. पूर्व अध्यक्ष के पहुंचने के बाद अधिकारियों ने उन्हें जांच से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ के लिए बुलाया. माना जा रहा है कि भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन और चयन से जुड़े कई पहलुओं पर उनसे जानकारी ली जा रही है.
गौरतलब है कि जेपीएससी भर्ती परीक्षा अनियमितता मामले में सीआईडी लगातार कार्रवाई कर रही है. जांच के दौरान हुई छापेमारी के बाद एल. खियांग्ते ने जेपीएससी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. अब तक इस मामले में सीआईडी 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है.
फिलहाल सीआईडी की पूछताछ जारी है. एजेंसी की ओर से अभी तक पूछताछ के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. माना जा रहा है कि पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.





