शेखपुरा: जिले के अरियरी प्रखंड की डिहा पंचायत अंतर्गत जोधन विघा गांव में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. गांव के लोगों ने सड़क, जलनिकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया है.



ग्रामीणों का कहना है कि विकास के कई दावे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात अब भी चिंताजनक बने हुए हैं. बारिश के दिनों में गांव जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता है. इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है.
ग्रामीणों ने बताया कि वे पिछले लगभग 10 वर्षों से इसी समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है. उनका आरोप है कि वर्तमान मुखिया, विधायक, सांसद और प्रशासनिक अधिकारी गांव की समस्याओं को देखने तक नहीं आते हैं.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और अन्य आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





