जामताड़ा: सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने प्रशिक्षणरत उपसमाहर्ताओं को उनके नियमित प्रशिक्षण कार्य के अतिरिक्त सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है. इसके तहत चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, मरीजों के समय पर इलाज, दवाओं की उपलब्धता, अनावश्यक रेफरल तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित जांच की जाएगी.



उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिला प्रशासन आम लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. मरीजों के इलाज में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जांच के दौरान जहां भी अनियमितता या लापरवाही मिलेगी, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने बताया कि प्रतिनियुक्त प्रशिक्षु उपसमाहर्ता दिन के साथ-साथ रात्रि में भी औचक निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का आकलन कर प्रतिदिन अपनी विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को सौंपेंगे.
उपायुक्त ने अपने आदेश में कहा है कि सोशल मीडिया, समाचार पत्रों तथा आम नागरिकों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सदर अस्पताल में चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी समय पर ड्यूटी नहीं करते हैं. दवाओं की उपलब्धता में कमी रहती है तथा मरीजों का समुचित इलाज किए बिना उन्हें निजी अस्पतालों या अन्य संस्थानों के लिए रेफर कर दिया जाता है.
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ चिकित्सकों द्वारा ड्यूटी अवधि के दौरान निजी अस्पतालों में समय देने की शिकायतें भी सामने आई हैं. इसके कारण सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता और उन्हें धनबाद, रांची सहित अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है.
उपायुक्त ने सात प्रशिक्षु उपसमाहर्ताओं की साप्ताहिक रोस्टर के अनुसार प्रतिनियुक्ति की है. इनमें स्नेहा कुमारी, अंजू कुमारी, राम प्रकाश राम, साक्षी कुमारी, शिल्पी कुमारी कच्छप, सुदिति सुमन, नेहा कुमारी तथा दिव्यांशु मिश्रा शामिल हैं. सभी अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित एवं रात्रिकालीन औचक निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





