खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने रविवार को खरसावां थाना का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का बारीकी से जायजा लिया तथा पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.



निरीक्षण के क्रम में एसपी ने थाना हाजत, मालखाना, थाना कार्यालय, अभिलेख संधारण कक्ष, शस्त्रागार सहित अन्य शाखाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने थाना में दर्ज मामलों के अभिलेखों, लंबित कांडों की स्थिति तथा अपराध नियंत्रण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की. मालखाना में जब्त सामानों के रख-रखाव और अभिलेखों के अद्यतन संधारण को लेकर विशेष निर्देश दिए.
पुलिस अधीक्षक ने थाना हाजत की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने थाना परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर भी जोर दिया.
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा नियमित गश्ती अभियान चलाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए. थाना आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी बल दिया.
उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे.
निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने थाना के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था कायम रहे.





