जामताड़ा: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली बिल अपडेट कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से आठ मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड और ₹31 हजार नकद बरामद किए गए हैं. प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी फर्जी एपीके (APK) फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का नियंत्रण अपने हाथ में लेता था और उनके बैंक खातों से रकम की निकासी कर लेता था.



पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेलकियारी गांव स्थित मितम यादव के घर पर छापेमारी कर 28 वर्षीय मितम यादव को गिरफ्तार किया.
आरोपी के विरुद्ध साइबर अपराध थाना कांड संख्या 46/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से आठ मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड और ₹31 हजार नकद बरामद किए. जब्त सभी सामानों को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों के मोबाइल पर बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर फर्जी एपीके फाइल भेजता था. जैसे ही उपभोक्ता उस फाइल को अपने मोबाइल में इंस्टॉल करते थे, साइबर अपराधी उनके मोबाइल का पूरा नियंत्रण हासिल कर लेते थे और बिजली बिल भुगतान के बहाने बैंक खातों से रुपये निकाल लेते थे. इस तरीके से गिरोह देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को अपना शिकार बना रहा था.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक वैभव सिंह, पुलिस निरीक्षक अमृत कुमार राम तथा रिजर्व गार्ड के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, सहयोगियों और इस गिरोह से जुड़े अन्य साइबर अपराधों की गहन जांच कर रही है.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या मोबाइल एप्लिकेशन को डाउनलोड करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें. किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या साइबर ठगी की सूचना तत्काल साइबर पुलिस को दें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





