सरायकेला: भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को राज्यव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत सरायकेला के गोपाबंधू चौक पर प्रदर्शन किया. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया.



भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी- सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं. इसके बावजूद राज्य सरकार और कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं. उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष जांच. पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कथित गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की.
वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले हजारों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है. ऐसे में भर्ती प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है. भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विपक्ष में रहते हुए पारदर्शिता की बात करती है. लेकिन सत्ता में रहने के बावजूद युवाओं की आवाज नहीं सुन रही है.
प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया. कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. इसमें पूर्व विधायक अनंत राम टुडू. जिला महामंत्री राकेश मिश्रा. जिला उपाध्यक्ष शंभु मंडल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
प्रमोद सिंह (संपादक)





