जामताड़ा: मिहिजाम के अंबेडकर नगर स्थित जनजातीय संध्या इंटर कॉलेज का शुक्रवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) चार्ल्स हेंब्रम ने भौतिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने महाविद्यालय की भूमि, भवन, विभिन्न कक्षाओं, प्रयोगशालाओं तथा प्रशासनिक पंजिकाओं (रजिस्टरों) का गहन निरीक्षण किया.



मालूम हो कि माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जनजातीय संध्या इंटर कॉलेज को शिक्षण गतिविधियों के संचालन के लिए अनुदान उपलब्ध कराया जाता है. इसी के तहत यह निरीक्षण किया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि महाविद्यालय अनुदान से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन कर रहा है या नहीं.
निरीक्षण के बाद डीईओ चार्ल्स हेंब्रम ने बताया कि महाविद्यालय को मिलने वाले अनुदान से संबंधित सभी मानकों की जांच की गई. निरीक्षण के दौरान कुछ रजिस्टर अद्यतन नहीं पाए गए, जबकि अन्य सभी बिंदुओं पर महाविद्यालय की स्थिति संतोषजनक रही.

उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य को निर्देश दिया कि सभी रजिस्टरों को शीघ्र अद्यतन किया जाए, ताकि माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को समय पर निरीक्षण रिपोर्ट भेजी जा सके.
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य विनय प्रसाद सिन्हा, प्रो. कैलाश प्रसाद साव, लैब टेक्नीशियन राजीव रंजन शर्मा, पीटी इंचार्ज हरेंद्र प्रसाद गुप्ता, मानिक लाल माझी, गोपाल महतो, जयप्रकाश मंडल सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





