जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट सब्जी मार्केट में एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने और विरोध करने पर फायरिंग करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में तीन रंगदारों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है.



सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 18 जुलाई की शाम टिनप्लेट सब्जी मार्केट में एक व्यापारी से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी.
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह और मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा. एक जिंदा कारतूस. एक खोखा तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05-BT-4437) बरामद की गई.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गिरोह के सदस्य रोमी सिंह उर्फ सरदार के पास भी हथियार होने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने रोमी सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए. इस बरामदगी के आधार पर गोलमुरी थाना में अलग मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास. रंगदारी. लूट. चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं मनदीप सिंह पर भी हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामलों के चार कांड दर्ज हैं. पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच जारी है.





