
जमशेदपुर: परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी समिति की वार्षिक आमसभा रविवार को बाबा लक्ष्मीनाथ सभागार में शांतिपूर्ण एवं गरिमामय माहौल में संपन्न हुई. बैठक में बड़ी संख्या में आजीवन सदस्यों ने भाग लिया और संगठन के विकास, वित्तीय स्थिति तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की.


कार्यक्रम की शुरुआत बाबा परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई. समिति के अध्यक्ष मानस कुमार मिश्रा ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन की एकता और समाजहित में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया. महासचिव चंद्रशेखर झा ने पिछले तीन वर्षों में किए गए कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा सदन के समक्ष रखा.

बैठक में वरिष्ठ सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए समिति को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव दिए. इसके बाद वर्तमान कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन की जिम्मेदारी वरिष्ठ सदस्य के.के. झा को सौंपी गई.
सभी सदस्यों की राय लेने के बाद 310 आजीवन सदस्यों ने हाथ उठाकर निवर्तमान कार्यकारिणी पर अपना विश्वास जताया. ध्वनिमत से सर्वसम्मति के आधार पर पुरानी कार्यकारिणी को अगले तीन वर्षों के लिए पुनः समिति की जिम्मेदारी सौंप दी गई. बैठक का समापन संगठन की एकता, सामाजिक समरसता और समाज के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुआ.





