पटना: शारदीय नवरात्र के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रेत कलाकार मधुरेन्द्र कुमार ने अपनी अनूठी कलाकृति के जरिए महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश दिया है. उन्होंने महज तीन सेंटीमीटर के हरे पीपल के पत्ते पर मां दुर्गा का सूक्ष्म चित्र उकेरकर बेटियों के साथ छेड़छाड़ और महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाई है.


करीब तीन घंटे की मेहनत से तैयार कलाकृति में सिंह पर सवार मां दुर्गा के साथ महिलाओं की विभिन्न भूमिकाओं को दर्शाया गया है. इसमें महिला डॉक्टर, वकील, पुलिस अधिकारी, शिक्षिका, अग्निशामक और अंतरिक्ष यात्री जैसे प्रतीकों के माध्यम से नारी शक्ति को प्रदर्शित किया गया है.
कलाकृति पर अंग्रेजी में ‘STOP GIRLS HARASSMENT & RESPECT ALL WOMEN’ लिखकर कलाकार ने समाज से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने की अपील की है. मधुरेन्द्र कुमार ने कहा कि नवरात्र में मां दुर्गा की आराधना के साथ बेटियों की सुरक्षा और सम्मान का संकल्प लेना भी जरूरी है. महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और उत्पीड़न की घटनाएं पूरे समाज के लिए चिंता का विषय हैं.
रेत कला के साथ पत्तों, फलों और अन्य प्राकृतिक वस्तुओं पर सूक्ष्म कलाकृतियां बनाने वाले मधुरेन्द्र विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर अपनी कला के माध्यम से जागरूकता फैलाते रहे हैं.

