
जमशेदपुर: पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा मानगो की जनता को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में रविवार को मानगो चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. मानगो कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया और बयान वापस लेकर सार्वजनिक माफी की मांग की.


प्रदर्शन के दौरान ईश्वर सिंह ने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा यह कहा जाता है कि “मानगो के हर घर में अपराधी पैदा होते हैं”, तो यह मानगो की लाखों सम्मानित जनता का अपमान है. उन्होंने कहा कि मानगो में मेहनतकश, ईमानदार और स्वाभिमानी लोग रहते हैं, जिन्होंने अपने परिश्रम से शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. पूरे क्षेत्र को अपराध से जोड़कर देखना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है.

ईश्वर सिंह ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान सरयू राय ने भय और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का वादा किया था, लेकिन उनके कार्यकाल में अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डीडी बार हत्याकांड में उनका रुख सवालों के घेरे में रहा तथा मानगो नगर निगम की विभिन्न योजनाओं में कथित अनियमितताओं के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता का अपमान करने वाला कोई भी बयान स्वीकार्य नहीं है. पार्टी ने विधायक सरयू राय से अपने कथित बयान पर मानगो की जनता से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की.





